Thursday, October 22nd, 2026

 प्रसिद्ध कृष्णा ने ऐसे बनाया अपने डेब्यू मैच को यादगार

 नई दिल्ली  
भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत टेस्ट और टी-20 सीरीज के उलट जीत के साथ की है। पहले वनडे मैच में टीम इंडिया को 66 रन की बड़ी जीत हासिल हुई, जिसके हीरो दो ऐसे खिलाड़ी रहे, जो अपने वनडे करियर का पहला मैच खेल रहे थे। हम बात कर रहे हैं हार्दिक पांड्या के भाई क्रुणाल पांड्या की और तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा की। जहां क्रुणाल ने नाबाद 58 रनों की पारी खेली, वहीं कृष्णा ने सबसे ज्यादा 4 विकेट झटककर अपने डेब्यू मैच में ही बड़ा कारनामा कर दिखाया।

कृष्णा का यह प्रदर्शन इसलिए भी मायने रखता है, क्योंकि उन्होंने अपने पहले तीन ओवरों में 37 रन लुटा दिए थे। इसमें उनके एक ओवर में इंग्लिश बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो ने 22 रन बटोरे थे। इसके बाद विराट ने कुछ समय के लिए उन्हें बॉलिंग से हटा भी दिया था। लेकिन इसके बाद कृष्णा ने ऐसी वापसी की, जो हमेशा उन्हें याद रहेगी। उन्होंने पूरे मैच में 8.1 ओवर में 54 रन देकर चार विकेट झटके, जो वनडे डेब्यू में किसी भी भारतीय गेंदबाज का बेस्ट प्रदर्शन है।


कृष्णा ने इस मैच में जेसन रॉय (46), बेन स्टोक्स (1), सैम बिलिंग्स (18) और टॉम करन (11) को आउट किया। कृष्णा ने इस मैच के दौरान वनडे इंटरनेशनल में डेब्यू पर नोएल डेविड का 24 साल पुराना भारतीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। स्पिन गेंदबाज डेविड ने 1997 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 21 रन देकर तीन विकेट चटकाए थे, जो वनडे डेब्यू मैच में सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का भारतीय रिकॉर्ड था। मैच जीतने के बाद कृष्णा ने कहा कि वह ऐसे गेंदबाज के तौर पर पहचान बनाना चाहते हैं, जो साझेदारी तोड़ने और गेंद को 'हिट द डेक' (पिच पर तेजी से टप्पा खिलाने) के लिए जाना जाए।

 

# प्रसिद्ध कृष्णा

Source : Agency

पाठको की राय